हरिद्वार(रश्मि कश्यप)।भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के ‘प्रेरणा स्कूल कार्यक्रम’ के अंतर्गत पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय रोशनाबाद में 19 फरवरी 2026 को जिला स्तरीय ‘प्रेरणा उत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद हरिद्वार के विद्यालय स्तर पर चयनित कक्षा 8 से 11 तक के 41 विद्यार्थियों (20 छात्र एवं 21 छात्राएं) ने प्रतिभाग किया।
विद्यार्थियों ने पेंटिंग, कविता, भाषण, संगीत, वाद-विवाद, निबंध आदि विधाओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ‘विकसित भारत’, ‘माय विज़न ऑफ इंडिया’ तथा ‘व्हाय आई शुड बी सिलेक्टेड फॉर प्रेरणा’ जैसे विषयों पर प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।

विद्यालय स्तर पर कार्यक्रम के प्रभारी उपप्राचार्य लाजपत सिंह एवं संयोजक संगीता चौहान (टीजीटी हिंदी) रहीं। विद्यालय के प्राचार्य सुनीत कुमार गुप्ता ने बताया कि ‘प्रेरणा’ भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की एक अभिनव पहल है, जिसके अंतर्गत कक्षा 8 से 11 तक के विद्यार्थियों के लिए एक सप्ताह का आवासीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। यह कार्यक्रम गुजरात के वडनगर स्थित प्रेरणा स्कूल वडनगर से संचालित होता है, जहां तकनीक और विरासत के समन्वय से विद्यार्थियों को मूल्य-आधारित नेतृत्व कौशल सिखाए जाते हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व, नवाचार और जिज्ञासा जैसे मूल्यों का विकास कर उन्हें सशक्त एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है। वडनगर स्थित यह ऐतिहासिक विद्यालय, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी, वर्ष 1888 में स्थापित हुआ था। इसके जीर्णोद्धार के बाद इसे आधुनिक, हेरिटेज एवं अनुभवात्मक शिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां देशभर से चयनित विद्यार्थी एक सप्ताह तक प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं।
संयोजक संगीता चौहान ने बताया कि गत वर्ष एंजेल्स अकैडमी हरिद्वार के छात्र एकलव्य एवं जगदगुरु चंद्र भगवान शंकर इंटर कॉलेज की छात्रा सारिका ने जिला स्तरीय प्रेरणा कार्यक्रम में सफलता प्राप्त कर वडनगर (अहमदाबाद) की शैक्षिक यात्रा की थी। उनके साथ मोनिता पालीवाल, शिक्षिका, गार्जियन टीचर के रूप में गई थीं। इस वर्ष भी जिला स्तर पर चयनित एक छात्र एवं एक छात्रा प्रेरणा स्कूल कार्यक्रम के अंतर्गत वडनगर (अहमदाबाद) की यात्रा करेंगे।
चयन प्रतियोगिता में एंजेल्स एकेडमी बहादराबाद, बीएमएल मुंजाल पब्लिक स्कूल नवोदय नगर, पुलिस मॉडर्न स्कूल पुलिस लाइन, केंद्रीय विद्यालय भेल, जगदगुरु चंद्र भगवान शंकर इंटर कॉलेज शीतला खेड़ा एवं नवोदय विद्यालय रोशनाबाद के शिक्षकों ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में उपप्राचार्य लाजपत सिंह ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रेरणा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। संयोजक संगीता चौहान ने प्रतिभागियों, शिक्षकों, अनुरक्षकों एवं निर्णायकों का आभार व्यक्त किया।


