हरिद्वार(नीति शर्मा)। श्यामपुर कांगड़ा स्थित डिवाइन कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज ने विद्यार्थियों को बेहतर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से नोएडा के सुप्रसिद्ध यथार्थ हॉस्पिटल तथा आगरा के इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड हॉस्पिटल के साथ क्लिनिकल प्रैक्टिस के लिए अनुबंध किया है।
इस अनुबंध के तहत नर्सिंग के 2021 बैच के छात्र-छात्राएं 6 माह के लिए नोएडा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल में इंटर्नशिप करेंगे, जहां उन्हें इमरजेंसी, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, आईसीयू, कीमोथेरेपी, रेडिएशन थैरेपी, गैस्ट्रो व नेफ्रोलॉजी जैसे विभिन्न विभागों में कार्य करने का अवसर मिलेगा।
वहीं, आगरा स्थित मेंटल हेल्थ संस्थान में विद्यार्थियों को मानसिक, सामाजिक व व्यवहारिक चुनौतियों को समझने तथा मनोवैज्ञानिक चिकित्सा से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्राप्त होगी। कॉलेज प्रबंधन ने इसे विद्यार्थियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।

कॉलेज के चेयरमैन डॉ. संजय चतुर्वेदी ने कहा कि संस्थान का लक्ष्य विद्यार्थियों को नवोन्मेषी एवं कौशल युक्त शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के साथ यह सहयोग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने आगे कहा कि कॉलेज का उद्देश्य सेवा, समर्पण और कौशल से युक्त योग्य स्वास्थ्यकर्मी तैयार करना है। इसी क्रम में संस्थान में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और प्रत्येक शनिवार को विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रेरक सत्र भी आयोजित किए जाते हैं, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करते हैं।

