बहादराबाद (मनोज यादव)। राजकमल साइंस एंड मैनेजमेंट कॉलेज, बहादराबाद में राष्ट्रीय वित्तीय शिक्षा केंद्र, जिसे भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI), बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) तथा पेंशन फंड विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) का सहयोग प्राप्त है के सहयोग से छात्रों के लिए वित्तीय प्रबंधन एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को वित्तीय सुरक्षा, बैंकिंग सेवाओं तथा डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करना था।
कार्यशाला का शुभारंभ भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त उप महाप्रबंधक एवं वित्तीय प्रशिक्षक संजय कुमार, भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त मुख्य प्रबंधक श्री दिनेश सूदन तथा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र चौहान ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में संजय कुमार ने छात्रों को वित्तीय सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल युग में ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल लेन-देन का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को वित्तीय सुरक्षा के प्रति सजग और सतर्क रहना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड अथवा बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। साथ ही समय-समय पर अपने पासवर्ड और पिन बदलते रहना चाहिए, ताकि साइबर धोखाधड़ी और ऑनलाइन ठगी जैसी घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने छात्रों को विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल भुगतान सेवाओं, बीमा, निवेश, बचत की आदत तथा सेवानिवृत्ति योजनाओं के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त मुख्य प्रबंधक श्री दिनेश सूदन ने भी बैंकिंग से संबंधित विभिन्न सेवाओं, उनकी मूलभूत आवश्यकताओं तथा सुरक्षित बैंकिंग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बचत, निवेश, बीमा, डिजिटल भुगतान और बैंकिंग लेन-देन से जुड़ी आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी देते हुए छात्रों को वित्तीय रूप से जागरूक, जिम्मेदार और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि सही वित्तीय योजना और अनुशासित बचत से भविष्य को सुरक्षित बनाया जा सकता है।
कार्यशाला के दौरान छात्रों ने वित्तीय प्रबंधन और डिजिटल बैंकिंग से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र चौहान ने वक्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्रीमती राजेश देवी (सचिव, राजकमल कॉलेज), प्रबंध समिति सदस्य दुष्यंत प्रताप, नितिन चौहान सहित महाविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. नीरज शर्मा, डॉ. अनिरुद्ध कुमार, प्रवीण कुमार, अजय कुमार, विनीत कुमार, प्रिया सैनी, इशिका पंडित, नैनसी चौहान, रवि कुमार, नितिन शर्मा, अरबाब राव, सिया पाल, फ़िज़ा राव, राजदेव रावत तथा स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

