बहादराबाद(अनिल शीर्षवाल)। महज 1200 रुपये को लेकर दो दोस्तों के बीच हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। बहादराबाद निवासी सौरभ पुत्र राजाराम अपने घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में बैठा था।
इसी दौरान उसके पड़ोस में रहने वाला दोस्त रोहित वहां पहुंचा। दोनों के बीच रुपयों के लेनदेन, यानी लगभग ₹1200 की रकम को लेकर बहस शुरू हुई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में रोहित ने जेब से चाकू निकाल लिया और सौरभ पर लगातार कई वार कर दिए। खून से लथपथ सौरभ फर्श पर गिर पड़ा। शोर सुनकर परिवार के लोग कमरे तक पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी रोहित मौके से फरार हो चुका था। परिजन तुरंत सौरभ को नजदीकी निजी अस्पताल ले गए। वहां हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद सौरभ की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना बहादराबाद पर सुशील कुमार निवासी ग्राम बहादराबाद द्वारा स्वयं के भतीजे सौरभ पुत्र राजाराम की उसके दोस्त रोहित के द्वारा चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने, जिसकी इलाज हेतु एम्स ऋकेश ले जाने के दौरान मृत्यु होने संबंधी दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस टीम ने संभावित स्थान पर दबिश देकर अभियुक्त रोहित को पथरी पावर हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त रोहित उपरोक्त द्वारा बताया गया कि शाम को वह अपने दोस्त मृतक सौरभ के साथ अपनी मोटरसाइकिल स्पलेण्डर में बैठकर म्हाड़ी स्थित देशी शराब के ठेके पर गए जहां शराब पीने के बाद दोनों वापस अम्बेडकरनगर मार्केट बहादराबाद आये, जहाँ पर उसके और मृतक सौरभ के बीच 1200/- रू0 के लेन देन को लेकर आपस मे गाली-गलौज व हाथापाई हो गई थी जिसमे मृतक सौरभ ने अभियुक्त रोहित को थप्पड मार दिया था। सौरभ से बदला लेने की नियत से वह अपने घर से चाकू लेकर सौरभ के घर गया और सौरभ पर चाकू से कई बार कर दिए, जिससे सौरभ लहूलुहान होकर बुरी तरह घायल हो गया, उपचार हेतु हायर सेंटर ले जाने के दौरान मृत्यु हो गई।
