हरिद्वार(नीति शर्मा)। ज्वालापुर क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी मुरादाबाद से हरिद्वार गांजा की डिलीवरी देने पहुंचा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 2 किलो 35 ग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान लाल पुल से जटवाड़ा पुल जाने वाले नहर पटरी मार्ग से एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास से 2.35 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भविष्य पाल उर्फ सागर निवासी कठघर, मुरादाबाद बताया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
