हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। जनपद हरिद्वार में बच्चों से लकड़ी ढुलवाने के वायरल मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक शिक्षा) ने कड़ी कार्रवाई करते हुए राजकीय प्राथमिक विद्यालय अजीतपुर, बहादराबाद की प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना के तहत छात्र-छात्राओं से लकड़ी ढुलवाने का कार्य कराया गया, जो कि बाल श्रम निषेध कानून एवं शिक्षा के अधिकार अधिनियम का उल्लंघन माना गया है। साथ ही, यह कृत्य बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक शोषण की श्रेणी में भी आता है।
प्रकरण को गंभीर मानते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय उप शिक्षा अधिकारी, बहादराबाद कार्यालय निर्धारित किया गया है।
विभाग ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए हैं। संबंधित जांच अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि एक सप्ताह के भीतर आरोप पत्र जारी करते हुए जांच प्रक्रिया पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि बच्चों के अधिकारों के उल्लंघन पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

