धनौरी(श्रवण गिरी)। क्षेत्र में अवैध खनन का कारोबार बेखौफ तरीके से जारी है। खनन से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर पीली पन्नी डालकर उन्हें छिपाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद ये वाहन गांव जसावाला सहित आसपास के मार्गों से बेरोकटोक कई चक्कर लगा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों में इस बात को लेकर रोष है कि इन खनन कारोबारियों के खिलाफ कोई ठोस प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हो रही है। लोगों का कहना है कि जहां आरटीओ और पुलिस ई-रिक्शा व बाइक चालकों पर छोटी-छोटी उल्लंघनों पर तुरंत चालान कर देते हैं, वहीं अवैध खनन में लिप्त ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर केवल औपचारिक कार्रवाई कर इतिश्री कर ली जाती है।
इन ओवरलोड वाहनों के कारण धनौरी मार्ग पर दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, गांव के संपर्क मार्ग भी इन भारी वाहनों के कारण जर्जर हो चुके हैं।
हैरानी की बात यह है कि खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे दिनदहाड़े ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पीली पन्नी से ढककर बेखौफ तरीके से संचालित कर रहे हैं। इससे स्पष्ट होता है कि उन्हें राजस्व और पुलिस विभाग का कोई डर नहीं है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि अवैध खनन पर रोक लगाई जा सके और आमजन को राहत मिल सके।
