धनौरी(श्रवण गिरी)। सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग द्वारा धनौरी–भगवानपुर मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दुपहिया वाहनों के साथ-साथ यात्री वाहनों, निजी वाहनों एवं माल वाहनों की गहन जांच की गई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
चेकिंग अभियान में विशेष रूप से दुपहिया वाहन चालकों पर ध्यान केंद्रित किया गया। बिना हेलमेट चल रहे दुपहिया वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 56 वाहनों का चालान किया गया।

परिवहन उप निरीक्षक राकेश थपलियाल ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके और यात्री सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। वहीं परिवहन उप निरीक्षक रमेश पंत ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक दुपहिया वाहन चालक प्रभावित होते हैं, इसलिए सभी को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।
इस दौरान चेकिंग अभियान में परिवहन आरक्षी विकास सिंह, ओमकार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
