हरिद्वार(नीति शर्मा)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कोतवाली ज्वालापुर में तैनात महिला पुलिस कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद हरिद्वार के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ज्वालापुर कुन्दन सिंह राणा ने महिला पुलिस कर्मियों को सम्मानित करते हुए कहा कि महिला पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कर रही हैं। वे पुलिस ड्यूटी के साथ-साथ अपने पारिवारिक दायित्वों को भी बखूबी निभा रही हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।

सम्मानित की गई महिला पुलिस कर्मियों ने भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे थाना क्षेत्र में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों और घटनाओं की रोकथाम के लिए पूरी तत्परता से कार्य करेंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि महिलाओं से जुड़ी सभी शिकायतों और घटनाओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा, ताकि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके।


