हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। तुलसी चौक स्थित फुटपाथ से बीती रात चोरी हुई दो वर्षीय मासूम बच्ची को हरिद्वार पुलिस ने मात्र चार घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची ऋषिकुल चौक बस स्टॉप के पास लावारिस हालत में मिली। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही सिटी कोतवाली पुलिस, एएचटीयू एवं सीआईयू हरिद्वार की पांच संयुक्त टीमें गठित कर बच्ची की शीघ्र सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए गए।
पुलिस द्वारा जनपद के संवेदनशील स्थानों, सीमावर्ती क्षेत्रों, बस अड्डों एवं रेलवे स्टेशन पर विशेष सतर्कता बरती गई। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
मैन्युअल पुलिसिंग के साथ-साथ डिजिटल साक्ष्यों का सहारा लेते हुए टीमों ने लगातार सर्च अभियान चलाया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों के विश्लेषण के बाद बच्ची को ऋषिकुल चौक बस स्टॉप के समीप लावारिस अवस्था में बरामद किया गया।
फिलहाल पुलिस अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर अपहरणकर्ता की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।



