हरिद्वार(नीति शर्मा)। शिवालिकनगर स्थित कुमाऊँनी एकता समिति द्वारा आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में कुमाऊँ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखर कथावाचक महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतानंद महाराज एवं महामंडलेश्वर मां संतोषी माता ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।

संगठन और संस्कृति पर जोर
अपने संबोधन में महामंडलेश्वर मां संतोषी माता ने समाज की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा, “कलयुग में संगठन ही सबसे बड़ी शक्ति है। जिस प्रकार मजबूत रस्सी से कुएं से जल निकाला जा सकता है, उसी प्रकार संगठित समाज असंभव कार्यों को भी संभव बना सकता है।” उन्होंने कुमाऊँनी समाज की सरलता और निष्कपटता की प्रशंसा करते हुए हरिद्वार में एक सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना की आवश्यकता पर बल दिया।
महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतानंद महाराज ने कहा कि वर्तमान समय संचय का नहीं, बल्कि सेवा और वितरण का है। उन्होंने सुझाव दिया कि समाज को एक स्थायी ‘कोष’ (फंड) बनाना चाहिए, जिससे जरूरतमंद लोगों की समय पर सहायता की जा सके।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
गणेश वंदना और मंगलाचरण के साथ आरंभ हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में कुमाऊँ की प्रसिद्ध ‘खड़ी होली’ और ‘बैठकी होली’ की प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कृपाल नगर, शिवालिक नगर और हरि आश्रय कॉलोनी के महिला एवं पुरुष समूहों ने पारंपरिक होली गायन की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
नृत्य और फ्यूजन की छटा
सान्वी मर्तोलिया, इशानी मर्तोलिया, हर्षिता चंद, खुशी जीना, काजल साही और मेघा राणा के आकर्षक नृत्यों ने खूब तालियां बटोरीं।
इंशिता बसेड़ा के एकल नृत्य तथा ‘दीप गंगा’ समूह के पहाड़ी फ्यूजन ने परंपरा और आधुनिकता का सुंदर मेल प्रस्तुत किया। कोमल, प्रियंगा और कुवेगी की प्रस्तुतियों को भी सराहा गया।


‘मिनी कुमाऊँ’ की पहचान
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य हरिद्वार में ‘मिनी कुमाऊँ’ की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाए रखना और नई पीढ़ी को लोककला, लोकसंगीत व पर्व-परंपराओं से जोड़ना है। समिति शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी वंचित वर्गों की सहायता के लिए सक्रिय है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा पारंपरिक कुमाऊँनी व्यंजनों का आनंद लिया।
कार्यक्रम में विधायक आदेश चौहान, नगरपालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, बी.डी. जोशी, समिति अध्यक्ष देवेन्द्र चौहान,महासचिव भुवन भट्ट कोषाध्यक्ष मनोज पंत और दिनेश काण्डपाल कमल पंत, मनीष पंत और सतीश पाठक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन ललित मोहन जोशी ने किया ।

