हरिद्वार(ब्यूरों)।हरिद्वार में संत निरंकारी मिशन द्वारा आयोजित भव्य स्वच्छता अभियान में राज्य मंत्री सुनील सैनी सम्मिलित हुए। अभियान के दौरान हजारों की संख्या में निरंकारी सेवादारों ने विभिन्न घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए गए स्वच्छ भारत मिशन को आगे बढ़ाते हुए संत निरंकारी मिशन के सेवकों ने सराहनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि निरंकारी मिशन की सेवा और समर्पण भावना केवल शब्दों तक सीमित नहीं, बल्कि कार्यों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता मानव सभ्यता की जीवनरेखा है। स्वच्छता से न केवल पर्यावरण सुरक्षित रहता है, बल्कि समाज का सामूहिक स्वास्थ्य और संतुलन भी सुदृढ़ होता है। यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूकता, जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता का सशक्त संदेश देता है।
यह स्वच्छता महाअभियान सतगुरु माता सुदीक्षा और निरंकारी राजपिता रमित के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। ऋषिकुल से लेकर नए हरिद्वार तक मालवीय घाट, श्रीराम घाट, महर्षि वाल्मीकि घाट, गोविंद घाट और गुरुनानक घाट सहित विभिन्न स्थानों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। सेवादारों ने फैली गंदगी को एकत्र कर उसका निस्तारण किया तथा श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
सुनील सैनी ने बताया कि यह अभियान भारत के 25 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 930 शहरों के 1600 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 12 लाख स्वयंसेवकों ने भाग लिया। उन्होंने इसे अध्यात्म, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का अद्भुत संगम बताया।
संत निरंकारी मिशन के संस्थापक बाबा हरदेव सिंह के जीवन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनका संपूर्ण जीवन मानव कल्याण को समर्पित रहा। उन्होंने सेवा, सुमिरन और सत्संग को जीवन का आधार बताया और भक्ति को व्यवहार में उतारने का संदेश दिया।

हरिद्वार में अभियान का शुभारंभ सेवादल के प्रार्थना गीत से हुआ, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा। आयोजन के दौरान सुरक्षा, अनुशासन और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।
संत निरंकारी मिशन समय-समय पर समाजोपयोगी एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। ‘वननेस वन’ अभियान के माध्यम से वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर केवल कुमार भाटिया, सुरेश कुमार कनौजिया, संजय कुमार, अंशु कुमार और हर्ष सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

