हरिद्वार(नीति शर्मा)। भारत सरकार के माननीय गृह मंत्री अमित शाह के 21 एवं 22 जनवरी 2026 को जनपद हरिद्वार आगमन के मद्देनज़र जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा विशेष यातायात प्लान जारी किया गया है। गृह मंत्री के पतंजली योगपीठ फेज-2, पतंजली योगपीठ फेज-1, गायत्री योगपीठ शांतिकुंज, शताब्दी समारोह बैरागी कैंप एवं गुरुकुल कांगड़ी हेलीपैड कार्यक्रमों को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं।
जारी यातायात प्लान के अनुसार वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान 21 जनवरी को शाम 3 बजे से तथा 22 जनवरी को प्रातः 7 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। दिल्ली से हरिद्वार आने वाला यातायात नगला इमरती से लक्सर होते हुए भेजा जाएगा, जबकि नजीबाबाद से देहरादून जाने वाले हल्के वाहनों को चीला मार्ग से गुजारा जाएगा। दिल्ली से देहरादून जाने वाला यातायात रुड़की–मोहंड मार्ग से तथा ऋषिकेश से दिल्ली जाने वाले वाहन नेपाली तिराहा होते हुए देहरादून–मोहंड मार्ग से जाएंगे।
इसके अलावा सहारनपुर–भगवानपुर–धनौरी की ओर से हरिद्वार आने वाले वाहन बीएचईएल तिराहा से शिवालिक नगर के मध्य मार्ग से शहर में प्रवेश करेंगे। वहीं हरिद्वार से नजीबाबाद–बिजनौर जाने वाले वाहनों को सिंहद्वार–लक्सर–बालावाली मार्ग से भेजा जाएगा।
सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 20, 21 और 22 जनवरी 2026 को प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक हरिद्वार शहर में भारी वाहनों की पूर्णतः नो-एंट्री रहेगी। बाहरी जनपदों से आने वाले भारी वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। शहर के भीतर जगजीतपुर पुलिस चौकी, श्यामपुर कांगड़ी, राजा बिस्कुट, सलेमपुर पिकेट, कोर कॉलेज रुड़की तथा देहरादून जनपद की सीमा पर लाल टप्पड़/नेपाली तिराहा जैसे स्थानों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यात्रा से पूर्व यातायात प्लान का पालन करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सहयोग प्रदान करें।

