कलियर(श्रवण गिरी)। बेडपुर चौक से मुक़र्रबपुर होते हुए कलियर क्षेत्र से गुजर रहे मिट्टी से लदे ओवरलोड खनन डंपरों को लेकर बुधवार को स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सड़कों की बदहाली और उड़ती धूल से परेशान ग्रामीणों ने डंपरों के आगे टायर लगाकर उन्हें मौके पर ही रोक दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि इन ओवरलोड वाहनों से उड़ने वाली धूल दोपहिया वाहन चालकों की आंखों में चली जाती है, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। वहीं सड़क किनारे दुकानदारों ने बताया कि उन्हें दिनभर धूल-मिट्टी में बैठकर काम करना पड़ता है, जिससे स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि भारी डंपरों के कारण सड़कें जगह-जगह से उखड़ चुकी हैं और गहरे गड्ढे बन गए हैं। कई बार लोग इन गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
काफी देर तक चले विरोध के बाद डंपर चालकों ने सड़क के गड्ढे भरवाने, नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने और वाहनों को सीमित गति से चलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने डंपरों को आगे जाने दिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड खनन वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो।


