हरिद्वार(नीति शर्मा)। रामराज ग्रामाद्योग सेवा संस्थान, हरिद्वार द्वारा संचालित “देवस्य अभिलाषा” वरिष्ठ नागरिक गृह, रावली महदूद में वृद्धजनों की सुविधा के लिए आधुनिक फिजियोथेरेपी केंद्र का शुभारंभ किया गया। यह पहल वृद्धकेयर, नई दिल्ली के सहयोग से मुथूट फाइनेन्स कंपनी द्वारा सीएसआर के तहत की गई है।

कंपनी की ओर से केंद्र को ट्रीटमेंट टेबल, ट्रैक्शन टेबल, ट्रैक्शन मशीन, रशियन करंट मशीन, हीटिंग पैड, अल्ट्रासोनिक मशीन, शोल्डर व्हील, शोल्डर पुली, एंकल-फिंगर एक्सरसाइज उपकरण, जिम बॉल, योगा मैट, आइस पैड और जेल सहित विभिन्न अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
नव स्थापित फिजियोथेरेपी केंद्र का उद्घाटन मुथूट फाइनेन्स की ज्वालापुर शाखा से आए कार्तिक बाटला और अशोक कुमार ने रिबन काटकर किया। इस दौरान कंपनी के एरिया मैनेजर राकेश सॉनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े।
कार्तिक बाटला ने बताया कि कंपनी सीएसआर के माध्यम से समय-समय पर समाजहित में विभिन्न कार्य करती रहती है और आगे भी इस प्रकार की पहल जारी रहेगी। संस्थान की सचिव श्रीमती संजू ने कंपनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सुविधाओं से वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान गृह में निवासरत सभी वरिष्ठ नागरिकों ने खुशी जाहिर करते हुए मुथूट फाइनेन्स कंपनी का धन्यवाद किया। इस अवसर पर प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर सीपी शर्मा, राजेंद्र शर्मा, शिवानी, नेहा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

