हरिद्वार(नीति शर्मा)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, कबाड़ियों और घरेलू नौकरों के सत्यापन हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कनखल पुलिस ने शनिवार प्रातः सघन सत्यापन अभियान चलाया।
थाना कनखल पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर बैरागी कैम्प कनखल सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवासरत बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और घरेलू नौकरों का सत्यापन किया। अभियान के दौरान कुल 30 व्यक्तियों का सत्यापन कराया गया।
कार्रवाई के दौरान बिना सत्यापन के किरायेदार एवं घरेलू नौकर रखने वाले एक मकान मालिक के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 83 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए 10,000 रुपये का कोर्ट चालान किया गया। संबंधित रिपोर्ट माननीय न्यायालय को प्रेषित की जा रही है।
इसके अतिरिक्त पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत दो व्यक्तियों के 250-250 रुपये (कुल 500 रुपये) के चालान भी किए गए।
पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र के मकान मालिकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने किरायेदारों, घरेलू नौकरों एवं बाहरी व्यक्तियों का शीघ्र सत्यापन कराएं। साथ ही किरायेदारों, घरेलू कामगारों और फड़-ठेली संचालकों को भी समय रहते अपना सत्यापन कराने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा।

