कलियर(श्रवण गिरी)।संत शिरोमणि रविदास जयंती के पावन अवसर पर कलियर विधानसभा क्षेत्र में भक्ति, उल्लास और सामाजिक एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। क्षेत्र के दर्जनों गांवों में भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
धनौरा, धनौरी, तेलीवाला, कमालपुर सैनीबास, जादवपुरी, मुलदासपुर माजरा, शांतशाह, रहमतपुर हकीमपुर, तुर्राह, इमलीखेड़ा सहित अनेक गांवों में ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुनों के साथ शोभायात्राएं निकाली गईं। श्रद्धालुओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए और संत रविदास जी के जीवन पर आधारित आकर्षक झांकियां सजाई गईं। शोभायात्राओं के दौरान पूरा क्षेत्र संत रविदास जी के भजनों और जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर कलियर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रहे मुनीश सैनी ने कहा कि “संत रविदास जी का जीवन हमें भेदभाव मिटाकर प्रेम, समरसता और भाईचारे के साथ रहने की प्रेरणा देता है। ऐसे पर्व सभी धर्मों और वर्गों के लोगों को मिल-जुलकर मनाने चाहिए, ताकि समाज में एकता और सौहार्द की मिसाल कायम हो।”
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थानों पर भक्तजनों द्वारा भंडारे का आयोजन कर प्रसाद का वितरण भी किया गया। रविदास जयंती के आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।



