मंगलौर (श्रवण गिरी)।उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन, ब्लॉक इकाई नारसन द्वारा आगामी 29 मार्च 2026 (रविवार)को लिटिल एंजिल्स जूनियर हाई स्कूल, मंगलौर में आयोजित होने वाले भव्य शैक्षिक एवं सम्मान समारोह को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष एवं नवनिर्वाचित जिला कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा ने बयान जारी करते हुए कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित कर शैक्षिक वातावरण को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में ईद मिलन समारोह के साथ-साथ विभिन्न श्रेणियों में सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे आपसी सद्भाव एवं शैक्षिक उन्नयन को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में रुड़की के डायट प्राचार्य मेराज अहमद तथा खंड शिक्षा अधिकारी नारसन श्रीमती आकाशा राठौर का विशेष सम्मान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा।
बयान में कहा गया कि वर्ष 2026 की जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में चयनित छात्र-छात्राओं एवं उनके शिक्षकों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को सराहा जाएगा। साथ ही वर्ष 2025-26 में खेल प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने आगे बताया कि नव नियुक्त बीआरसी एवं सीआरसी अधिकारियों का अभिनंदन भी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। उन्होंने क्षेत्र के शिक्षकों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
उन्होने कहा कि ऐसे आयोजनों से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा एवं प्रेरणा का वातावरण तैयार होता है, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलती है।

