धनौरी(श्रवण गिरी)। धनौरी पुल के पास शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नागल पलूनी निवासी सावन पुत्र राजेश अपनी बाइक से हरिद्वार की ओर जा रहा था। जैसे ही वह धनौरी पुल के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और सावन गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना राहगीरों ने तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की असमय मृत्यु से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है तथा गांव में शोक का माहौल है।
थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
