धनौरी(श्रवण गिरी)।रुड़की स्थित उत्तराटेक कॉलेज धनौरी में आयोजित दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अन्य राज्यों से आए कई अभ्यर्थियों ने दावा किया है कि उन्हें परीक्षा में बैठने से रोका गया, जबकि कुछ चुनिंदा छात्रों को परीक्षा देने की अनुमति दी गई।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने इंटरनेट कनेक्टिविटी में खराबी का हवाला देते हुए उन्हें परीक्षा से वंचित कर दिया। बताया गया कि पहली और दूसरी दोनों शिफ्ट में किसी भी अभ्यर्थी को पेपर नहीं देने दिया गया, जिससे छात्रों में भारी नाराज़गी देखने को मिली।
परीक्षा केंद्र पर आक्रोशित अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया और निष्पक्ष जांच की मांग की। छात्रों का कहना है कि एक ही परीक्षा केंद्र पर अलग-अलग अभ्यर्थियों के साथ अलग व्यवहार किया गया, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस की यह परीक्षा उत्तराखंड के कई केंद्रों पर आयोजित की जा रही थी। ऐसे में रुड़की के इस परीक्षा केंद्र से सामने आए आरोपों ने परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि परीक्षाओं को लेकर छात्र कब तक परेशान होते रहेंगे और कब उन्हें एक निष्पक्ष व न्यायपूर्ण व्यवस्था मिल पाएगी?


