हरिद्वार(गणपत सिंह)।खानपुर रेंज अंतर्गत गुरुवार की रात्रि अज्ञात चोरों ने किसान के खेत से सागौन के कीमती पेड़ों पर हाथ साफ कर दिया। थाना रानीपुर क्षेत्र के मीरपुर मुवाजरपुर निवासी किसान बलबीर सैनी के खेत से चोरों ने पांच सागौन के बेस कीमती वृक्ष काटकर उनकी लकड़ी वाहन में भरकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी शुक्रवार को उस समय हुई जब किसान बलबीर सैनी खेत में चारा लेने पहुंचे। खेत में कटे हुए पेड़ों को देखकर किसान के होश उड़ गए। पीड़ित किसान के अनुसार चोरी किए गए सागौन के पेड़ों की कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है।
किसान ने मामले की सूचना तत्काल थाना रानीपुर पुलिस तथा खानपुर रेंज के वन विभाग अधिकारियों को दी और कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग व पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। क्षेत्र में लगातार हो रही लकड़ी चोरी की घटनाओं से किसानों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

