
बहादराबाद(मनोज यादव)। संतों की नगरी मां गंगा के पावन तट पर स्थित अशोक सिंघल सेवा धाम – वात्सल्य वाटिका में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष, हिंदू समाज के प्रेरणास्रोत स्व. श्री अशोक सिंघल की 99वीं जयंती धूमधाम एवं श्रद्धाभाव से मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन नीता नैय्यर ने किया, जिन्होंने मंचासीन सभी अतिथियों का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया। कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा अतिथियों को सोल और पटका भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रबंधक प्रदीप कुमार मिश्रा ने सभी मुख्य अतिथियों को स्व. अशोक सिंघल का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंच पर कार्यक्रम की अध्यक्षता परम पूज्या साध्वी डॉ. मैत्री गिरी महामंडलेश्वर, जूना अखाड़ा ने की। मुख्य वक्ता के रूप में पदम जी क्षेत्र प्रचार प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में ऋषि कंडवाल उपाध्यक्ष, सिंचाई सलाहकार समिति, राज्य मंत्री उत्तराखंड पधारे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अनुज सिंघल सचिव, स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन, ऋतुराज जी वरिष्ठ प्रचारक, आदेश चौहान विधायक, रानीपुर, अजय कुमार प्रांत संगठन मंत्री, विश्व हिंदू परिषद उपस्थित रहे।
नीता नैय्यर ने अपने संबोधन में स्व.अशोक सिंघल के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके राष्ट्र निर्माण और राम मंदिर आंदोलन में निभाई गई अद्वितीय भूमिका पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता पदम सिंह ने अशोक जी की तुलना हनुमान जी से करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव रामकाज में अपने जीवन को समर्पित रखा। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन में निभाई गई उनकी रणनीतिक एवं प्रेरणादायी भूमिका का विस्तार से वर्णन किया।
परम पूज्या साध्वी डॉ. मैत्री गिरी ने अपने संबोधन में कहा कि अशोक सिंघल की प्रेरणा से हमें समाज उत्थान के लिए संगठित होकर आगे बढ़ना होगा। डॉ.अनुज सिंघल ने जन्मोत्सव के इस आयोजन के लिए प्रबंधक प्रदीप कुमार मिश्रा को बधाई देते हुए कहा कि अशोक सिंघल के आदर्श और त्याग भाव से हमें सतत प्रेरणा मिलती है। वरिष्ठ समाजसेवी एन.के.गुप्ता ने वात्सल्य वाटिका के बच्चों के लिए एक कक्ष बनवाने की घोषणा कर सबका हृदय जीत लिया। वात्सल्य वाटिका के बच्चों द्वारा प्रस्तुत दुर्गा स्तुति, सामूहिक गीत, योग और ताइक्वांडो की मनोहारी प्रस्तुतियों ने सभी आगंतुकों का मन मोह लिया। प्रबंधक प्रदीप कुमार मिश्रा ने अशोक सिंघल के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित सभी जनों को जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। अंत में सचिव अरुण कुमार ने सभी मंचासीन अतिथियों एवं आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के सामूहिक गान से हुआ।
इस अवसर पर अधीक्षक सुरेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष नरेश वर्मा, पूर्व कोषाध्यक्ष एल.आर.गुप्ता, राजेश कुमार, बसंत चौहान, विमलेश गौड़, मानसी भार्गव, वीरसेन मानव, रवि जोशी के साथ अन्य गणमान्य समाजसेवी, समस्त कार्यकारिणी सदस्य एवं स्टाफ उपस्थित रहे।

