हरिद्वार (अनिल शीर्षवाल)। सिडकुल हरिद्वार में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े स्तर पर बुलडोजर कार्रवाई की। नागरिक और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने राजा बिस्कुट चौक समेत आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया।
इस दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को पूरी तरह साफ कराया गया। कार्रवाई के समय क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर कार्रवाई की गई, उन्हें पहले ही नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय सीमा के बावजूद निर्देशों का पालन नहीं किया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बार-बार चेतावनी के बाद भी नियमों की अनदेखी करने पर प्रशासन को मजबूरन यह कदम उठाना पड़ा। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी ने दोबारा सार्वजनिक भूमि पर कब्जा किया तो उसके खिलाफ सख्त आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।

