हरिद्वार(विकास सैनी)। अजीतपुर स्थित पाठशाला परिवार द्वारा संचालित सत्यम हेल्प फाउंडेशन की ओर से शनिवार को भव्य होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, मास्टर स्टॉक मीडिया के संपादक पियूष त्यागी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सम्मानित व्यक्तियों की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अपने संबोधन में कहा कि सत्यम हेल्प फाउंडेशन द्वारा संचालित पाठशाला के माध्यम से बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराना अत्यंत प्रशंसनीय कार्य है। ऐसे प्रयास समाज के वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने कहा कि पाठशाला में मिल रही शिक्षा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक सिद्ध हो रही है और उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख रही है।
प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि शिक्षा समाज की आधारशिला है। पाठशाला के संस्थापक अरुण कश्यप द्वारा निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराना समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। शिव तांडव, मैया यशोदा, अघोरी नृत्य, “होली आई” पंजाबी-हरियाणवी गीत तथा गढ़वाली गीत “चेता की चेतवाली” पर मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी रतिलाल शाह, सामाजिक कार्यकर्ता भूपेंद्र कुमार, जन संघर्ष मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गुलशन खत्री, ग्राम प्रधान बिशनपुर कुंडी सनी कुमार, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग, न्याय के क्षेत्र में कार्यरत कोमल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में कार्यरत काजल चौहान सहित कई गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए समाज में शिक्षा, सहयोग और समरसता की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

