रुड़की(अनिल शीर्षवाल)।उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन, हरिद्वार के प्रतिनिधि मंडल ने कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा से शिष्टाचार भेंट कर शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अश्विनी चौहान ने किया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष अश्विनी चौहान ने कहा कि प्रदेश के शिक्षक लंबे समय से पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग कर रहे हैं। नई पेंशन प्रणाली में भविष्य की आर्थिक सुरक्षा को लेकर अनिश्चितता बनी रहती है, जबकि OPS कर्मचारियों के सम्मानजनक जीवन का आधार है। उन्होंने वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर TET की अनिवार्यता समाप्त करने की भी मांग उठाई।
जिला मंत्री हेमेन्द्र चौहान ने विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कमी को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि इससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है और शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में समय देना पड़ता है। उन्होंने सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की।
जिला कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ है और उनकी समस्याओं का समाधान होने से ही व्यवस्था मजबूत होगी।
प्रतिनिधि मंडल ने कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा को दायित्व ग्रहण करने पर बधाई भी दी। मंत्री ने आश्वासन दिया कि शिक्षक समाज की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
इस मौके पर अश्विनी चौहान, हेमेन्द्र चौहान, अरविंद शर्मा, राजेश चौहान, दिनेश बड़वाल, राजीव कुमार शर्मा, वीर सिंह पंवार, अमरीश वर्मा, रविन्द्र अग्रवाल सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

