हरिद्वार(नीति शर्मा)। बायफ (BAIF) उत्तराखंड द्वारा फिनोलम्स प्राइवेट लिमिटेड (MMF) के वित्तीय सहयोग से इब्राहिमपुर मसाई के हलजौरा गांव में गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आजीविका वृद्धि हेतु दो दिवसीय ऐंपण कला प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ज्योति सांस्कृतिक कला, शिवालिक नगर की ज्योति भट्ट एवं गीता जोशी ने समूह की महिलाओं को ऐंपण कला के विभिन्न आयामों की जानकारी देते हुए व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
परियोजना अधिकारी राम रक्षा जोशी ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर 10 स्वयं सहायता समूहों को आजीविका संवर्धन से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इनमें ऐंपण कला, झाड़ू निर्माण, कागज प्लेट निर्माण, मैगी एवं नूडल्स बनाना, नमकीन और पापड़ तैयार करना, अगरबत्ती निर्माण तथा सिलाई जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में रमी शर्मा, आशा देवी, नीर कौर, दीपक और शांतनु सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी सहभागिता की।
इस अवसर पर समूह की महिलाओं ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए इसे स्वरोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।




