हरिद्वार (नीति शर्मा)। ज्वालापुर क्षेत्र में महिला को सम्मोहित कर ठगी करने वाले एक शातिर ठग को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी किए गए सामान का कुछ हिस्सा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 12 फरवरी 2026 को राजीव नगर कॉलोनी गोविंदपुरी, कोतवाली ज्वालापुर निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन अज्ञात युवकों ने उसे सम्मोहित कर 50 हजार रुपये नकद और कान के कुंडल उतरवा लिए। शिकायत के आधार पर कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के निर्देशन में चौकी रेल प्रभारी उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर तंत्र, डिजिटल साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपित जमशेद पुत्र गफ्फार निवासी सेक्टर-11 झुग्गी झोपड़ी, थाना विजयनगर, गाजियाबाद को लालपुल ज्वालापुर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो टॉप्स और 9,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लोगों को पैसे और सोना डबल करने का झांसा देकर सम्मोहित कर ठगी की वारदात को अंजाम देता था। वह दोबारा ठगी करने के इरादे से गाजियाबाद से हरिद्वार आया था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान जमशेद पुत्र गफ्फार निवासी सेक्टर-11 झुग्गी झोपड़ी, थाना विजयनगर, गाजियाबाद (उ.प्र.) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम पिपलेड़ा, थाना धौलाना, जनपद हापुड़ का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया है।


