रोशनाबाद/हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। शिवालिक नगर के जे-कलस्टर स्थित दो घरों में चोरी की घटनाओं का रानीपुर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 फरवरी को जे-97 शिवालिक नगर निवासी रंजीत झा के घर की दीवार फांदकर अज्ञात चोरों ने घर के मंदिर में रखी गणेशजी व लक्ष्मीजी की चांदी की मूर्तियां तथा चौकीदार का एक की-पैड मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इस संबंध में कोतवाली रानीपुर में 27 फरवरी 2026 को मु0अ0सं0 64/26 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी दिन जे-67 शिवालिक नगर निवासी रविकांत गुप्ता के घर से अज्ञात चोरों द्वारा साइकिल चोरी किए जाने की शिकायत पर 28 फरवरी 2026 को मु0अ0सं0 65/26 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत दूसरा मुकदमा दर्ज किया गया।
दोनों घटनाओं के अनावरण के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देशन में रानीपुर पुलिस टीमों ने जांच तेज की। विभिन्न सुरागों के आधार पर 28 फरवरी को चेकिंग के दौरान इंद्रलोक कॉलोनी की ओर से आने वाले कच्चे रास्ते से दो संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान विकास उर्फ डीके (26) और राजू कुमार (22) पुत्र सुग्गन चंद, मूल निवासी ग्राम कसियारा थाना चरथावल जनपद मुजफ्फरनगर (उप्र) हाल निवासी अन्नेकी हेतमपुर थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की गई चांदी की मूर्तियां, की-पैड मोबाइल फोन और साइकिल बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सगे भाई हैं और नशे के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए वे चोरी कर सामान को सस्ते दामों में राहगीरों को बेच देते थे। दोनों पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं और हाल ही में जमानत पर बाहर आए थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

