हरिद्वार(विकास सैनी)।राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि धर्म रक्षक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की सिफारिश किया जाना, अंकिता के माता-पिता तथा उत्तराखंड प्रदेश की देवतुल्य जनता की भावनाओं का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने शुरू से ही इस जघन्य हत्याकांड में सख्त कार्रवाई की है और न्यायालय में मामले की मजबूती से पैरवी की गई। अब सीबीआई से जांच कराने का निर्णय एक सराहनीय और ऐतिहासिक कदम है, जिससे पूरे मामले में दूध का दूध और पानी का पानी हो सकेगा।
राज्य मंत्री ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रदेश की जागरूक जनता भ्रम फैलाने वालों को भली-भांति पहचानती है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने उत्तराखंड की शांतिपूर्ण छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है, वे स्वयं बेनकाब होंगे। धामी सरकार ने हमेशा जनभावनाओं के अनुरूप बेहतर से बेहतर निर्णय लिए हैं। उत्तराखंड एक शांतिप्रिय राज्य है।
इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए राज्य मंत्री सुनील सैनी ने आदरणीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

