हरिद्वार(नीति शर्मा)। कन्या गुरुकुल परिसर हरिद्वार की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन ग्राम सीतापुर में अंतिम दिवस के साथ हुआ। शिविर के अंतिम दिन की शुरुआत स्वयंसेविकाओं ने योग सत्र से की, जिसमें उन्होंने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझा। इसके पश्चात यज्ञ का आयोजन किया गया, जिससे वातावरण में शुद्धता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय हरिद्वार के कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार, पार्षद आकर्षिका शर्मा एवं प्रो. बबीता शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में छात्राओं के उत्साह, अनुशासन और सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें समाज सेवा, नैतिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संगीता मदान ने सात दिवसीय शिविर की गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए स्वयंसेविकाओं के अनुशासन, समर्पण और सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त अनुभवों को जीवन में अमूल्य धरोहर के रूप में अपनाना चाहिए तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने शुभकामनाएं प्रेषित कर स्वयंसेविकाओं का उत्साहवर्धन किया। शिविर के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली स्वयंसेविकाओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में राहुल प्रकाश, राजेश कुमार, शोभा देवी, रोहित कुमार गोयल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


