धनौरी(श्रवण गिरी)।डी.पी.एस. दौलतपुर में कक्षा 1 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए भव्य स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन बड़े उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने जोश, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मैदान को रंग-बिरंगे झंडों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे कार्यक्रम का वातावरण और भी मनमोहक बन गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के खेल विभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर खेल शिक्षक संजीत सिंह नेगी, राजेन्द्र नौटियाल एवं अल्का सैनी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी प्रबल करते हैं।

प्रतियोगिता के अंतर्गत स्पीड रेस सहित विभिन्न स्केटिंग स्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्रतिभागी विद्यार्थियों ने संतुलन, गति और आत्मविश्वास के साथ शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन के दौरान कोच और खेल विभाग के सदस्य बच्चों का मार्गदर्शन करते रहे।
समापन समारोह में विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम श्रीवास्तव ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
यह स्केटिंग प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक और स्मरणीय अनुभव साबित हुई।

