हरिद्वार(नीति शर्मा)। अपर आयुक्त के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में औषधि कानूनों के प्रभावी अनुपालन एवं अवैध दवा विक्रय पर नियंत्रण के लिए ड्रग्स विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को धनपुरा एवं रईसी क्षेत्र में ड्रग्स इंस्पेक्टर मेघा द्वारा 4 मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही 2 मेडिकल स्टोरों का लाइसेंस अनुदान (लाइसेंस ग्रांट) हेतु निरीक्षण किया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्धारित मानकों एवं उपयुक्त क्षेत्र में ही लाइसेंस प्रदान किया जाए।
इसके अतिरिक्त सीएम पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के संबंध में एक मेडिकल स्टोर का विशेष निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान एक मेडिकल स्टोर से 4 दवाओं के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए, जिन्हें नियमानुसार प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

निरीक्षण के समय सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की नारकोटिक अथवा नशीली दवाओं का विक्रय बिना उचित क्रय-विक्रय अभिलेख के न किया जाए। बिना रिकॉर्ड अथवा अवैध उपयोग में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही एक्सपायरी दवाओं की नियमित जांच कर उन्हें तुरंत स्टॉक से अलग करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान यदि स्टॉक में एक्सपायरी दवाएं पाई गईं तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
ड्रग्स विभाग ने स्पष्ट किया कि औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 एवं नियमावली, 1945 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि आमजन के स्वास्थ्य हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

