बहादराबाद(ब्यूरों)। क्षेत्र के सहदेवपुर बिजलीघर के अंतर्गत गांव अहमदपुर ग्रंट में शनिवार को विद्युत विभाग द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बकाया बिल जमा न करने वाले करीब 40 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। साथ ही विभाग ने लगभग 4 लाख रुपये की राजस्व वसूली भी की।
यह अभियान अधिशासी अभियंता रवि कुमार के नेतृत्व में चलाया गया, जिसका उद्देश्य बिजली चोरी पर रोक लगाना और बकाया बिलों की वसूली सुनिश्चित करना था।
अवर अभियंता सुमित त्यागी ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील करते हुए कहा कि विभाग द्वारा इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से चलाए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि बकायेदारों और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
विभागीय अधिकारियों ने आमजन से बिजली का सही उपयोग करने और समय पर बिल भुगतान करने का आग्रह किया, ताकि किसी भी उपभोक्ता को असुविधा का सामना न करना पड़े।
अभियान के दौरान अधिशासी अभियंता रवि कुमार, अवर अभियंता सुमित त्यागी, अंकित राठी, रजत एवं लाइनमैन संजय सहित विभागीय टीम मौजूद रही।
