हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एसएसपी हरिद्वार ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना झबरेड़ा क्षेत्र की इकबालपुर चौकी में अवैध खनन की सूचना मिलने और प्रथम दृष्टया चौकी प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर एसएसपी ने चौकी प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक देहात को सौंपी गई है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों या अनुचित कार्यों में किसी भी स्तर पर संलिप्तता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

