रुड़की(सुमित सैनी)।रूडकी से एक सराहनीय और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है, जहाँ के०एल०डी०ए०वी० इंटर कॉलेज रूडकी के छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता की अनुकरणीय मिसाल पेश की।
देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के आह्वान पर के०एल०डी०ए०वी० इंटर कॉलेज रूडकी द्वारा एक भव्य स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर गोशाला, बी०एस०एम० तिराहा, आज़ाद नगर चौराहा, जी०आई०सी० रूडकी होते हुए के०एल०डी०ए०वी० क्रीड़ा स्थल तक निकाली गई।

रैली के दौरान छात्रों ने स्वच्छता से जुड़े नारों के माध्यम से नगरवासियों को स्वच्छ रहने, गंदगी न फैलाने तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया।
रैली के समापन के पश्चात सभी छात्र विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री एस०के० राय, कार्यक्रम संयोजक संजय कुमार एवं लोकेश कुमार तथा अन्य शिक्षकों के साथ के०एल०डी०ए०वी० क्रीड़ा स्थल पहुँचे, जहाँ महा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्रों एवं शिक्षकों ने क्रीड़ा स्थल के साथ-साथ जी०आई०सी० के समीप स्थित शहीद स्मारक की साफ-सफाई कर शहीदों के प्रति सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री एस०के० राय ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपने आस-पास के सार्वजनिक स्थलों, शहीद स्मारकों एवं पर्यावरण की नियमित रूप से साफ-सफाई करनी चाहिए, क्योंकि स्वच्छता ही स्वस्थ समाज की पहचान है।

कार्यक्रम में राजेश कुमार वर्मा, अरविन्द कुमार, मनोज कुमार लामयान, गौरी शंकर गुप्ता, राकेश कुमार वर्मा, नीरज गोयल सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
स्वच्छता के इस अभियान के माध्यम से के०एल०डी०ए०वी० इंटर कॉलेज रूडकी ने समाज को एक सकारात्मक और प्रेरक संदेश दिया।

