रुड़की(नीति शर्मा)। मैथोडिस्ट गर्ल्स पी.जी. कॉलेज के प्रांगण में “माननीय मुख्यमंत्री का सपना – हरिद्वार स्वच्छ हो” अभियान के अंतर्गत “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” मेगा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने किया।
अभियान में महाविद्यालय के समस्त प्रवक्तागण, कर्मचारी एवं सभी छात्राएं एकत्रित हुए। सभी ने मिलकर मुलकपुर चुंगी से रुड़की टॉकीज, हरिद्वार रोड रुड़की तक सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। इसके पश्चात महाविद्यालय परिसर में भी साफ-सफाई की गई।

तत्पश्चात आकाश जैन (पार्षद, रुड़की) एवं नगर निगम की टीम द्वारा छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। शपथ में कहा गया कि अब हमारा कर्तव्य है कि गंदगी को दूर करके भारत माता की सेवा करें। मैं शपथ लेती हूँ कि मैं स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहूँगी और इसके लिए समय दूँगी। हर वर्ष 100 घंटे, अर्थात प्रत्येक सप्ताह 2 घंटे श्रमदान कर स्वच्छता के इस संकल्प को पूरा करूँगी। न मैं गंदगी करूँगी और न ही किसी और को करने दूँगी।

नगर निगम रुड़की की प्रियंका एवं उनकी टीम ने छात्राओं को स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं।
महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह ने छात्राओं को बताया कि स्वच्छ वातावरण में रहने से मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है, जिससे उत्पादकता में वृद्धि होती है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि स्वच्छता का अर्थ है स्वयं को और अपने आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखकर बीमारियों से बचाव करना।
महाविद्यालय की सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक एवं अपने कर्तव्य को समझते हुए इस स्वच्छता अभियान में सहभागिता की।


