हरिद्वार(नीति शर्मा)। अस्मिता एथलीट मीट का आयोजन जमदग्नि पब्लिक स्कूल, पिपली लक्सर में प्रातः 9 बजे से किया गया। यह प्रतियोगिता एथलेटिक फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वाधान में आयोजित हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. मनु शिवपुरी (ब्रांड एंबेसडर – बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ) एवं ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा के कोच नसीम अहमद (नेशनल जेवलिन कोच) को आमंत्रित किया गया।
प्रतियोगिता में अंडर–14 एवं अंडर–16 बालिका वर्ग की स्पर्धाएँ आयोजित की गईं।
मुख्य अतिथि डॉ. मनु शिवपुरी ने विजेताओं को मेडल व प्रमाणपत्र वितरित किए, साथ ही अपनी ओर से विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए।
डॉ. शिवपुरी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को मानसिक और शारीरिक रूप से सक्षम बनाते हैं। एक खिलाड़ी कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानता और यह समझता है कि जीत–हार जीवन का हिस्सा है। उन्होंने माता–पिता से आग्रह किया कि वे बच्चों को शिक्षा के साथ–साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
नेशनल कोच नसीम अहमद ने भी खिलाड़ियों को मेडल प्रदान किए और उनका उत्साहवर्धन किया।प्रतियोगिता का सफल आयोजन सुनील अग्रवाल (अध्यक्ष) एवं भारत भूषण (सचिव), जिला एथलेटिक एसोसिएशन हरिद्वार (उत्तराखंड) द्वारा किया गया।
डॉ. शिवपुरी ने हरिद्वार में खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में भारत भूषण के योगदान की सराहना की तथा आकाश भारद्वाज, संतोष शर्मा एवं सुमित ठाकुर का सहयोग हेतु आभार व्यक्त किया।

