नारसन(नीति शर्मा)।उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन की नारसन ब्लॉक इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने नव नियुक्त खंड शिक्षा अधिकारी आकांक्षा राठौर का होली के अवसर पर गर्मजोशी से स्वागत किया। पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी की पदोन्नति के बाद यह पद रिक्त चल रहा था, जिसका चार्ज हाल ही में आकांक्षा राठौर को सौंपा गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर पुष्पगुच्छ भेंट किया और रंगों के पर्व होली की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। संगठन पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में ब्लॉक के शैक्षिक कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी।
जिला कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा ने नारसन विकास खंड की भौगोलिक एवं कार्यगत परिस्थितियों से अवगत कराते हुए बताया कि यह क्षेत्र विस्तृत ग्रामीण परिवेश वाला है, जहां विद्यालयों की दूरी, संसाधनों की उपलब्धता और शिक्षकों की तैनाती जैसी चुनौतियां बनी रहती हैं। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि नवागत खंड शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में शैक्षिक गुणवत्ता, शिक्षक प्रशिक्षण और प्रशासनिक समन्वय को सुदृढ़ किया जाएगा।
खंड शिक्षा अधिकारी आकांक्षा राठौर ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी शिक्षकों के सहयोग से शैक्षिक गतिविधियों का प्रभावी संचालन किया जाएगा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर ब्लॉक इकाई के पदाधिकारी एवं शिक्षकगण — तरुण चौहान, अब्दुल कादिर, सफक्कत अली, नदीम अहमद, मनोज शर्मा, तेजवीर सैनी, शरद शर्मा, कल सिंह राठौर, अमरीश वर्मा, जगमोहन राणा, जतिन शर्मा, आलोक सिंह, रविन्द्र कुमार एवं मासूम अली उपस्थित रहे ।

