हरिद्वार(ब्यूरों)। बहादराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव अहमदपुर ग्रंट में देर रात अज्ञात चोर ने शिव मंदिर और काली माता मंदिर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर ने मंदिरों के दानपात्र (गले) उखाड़कर नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया।
घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें संदिग्ध गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। फुटेज के अनुसार, वारदात के समय मंदिर के बाहर एक पिकअप गाड़ी भी खड़ी नजर आ रही है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी उसी वाहन से आया और फरार हुआ।
सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

