बहादराबाद(अनिल शीर्षवाल)। दो दिन पूर्व बहादराबाद क्षेत्र में एक ट्रक चालक के साथ हुई मारपीट के मामले में गुरुवार देर शाम दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया। समझौता वार्ता में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।
हरिद्वार-बहादराबाद मार्ग पर स्थित किसान ढाबे के पास मुरादाबाद जनपद के मंसूरपुर माफी निवासी फिरोज आलम ने अपना ट्रक खड़ा किया हुआ था। इसी दौरान नितीश पाल और विभांशु अपने मित्र अंकुर चौहान, गौरव और कार्तिक चौहान के साथ किसान ढाबे पर भोजन करने पहुंचे थे। बताया गया कि नितीश और विभांशु ट्रक की आड़ में शौच के लिए चले गए। उसी समय ट्रक चालक फिरोज अपने क्लीनर को किसी बात पर डांट-फटकार लगा रहा था। वहां मौजूद युवकों को लगा कि चालक उन्हें गाली दे रहा है। इसी गलतफहमी के चलते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों ने थाना बहादराबाद में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
इसी बीच गुरुवार देर शाम स्थानीय जनप्रतिनिधियों की पहल पर दोनों पक्षों के बीच वार्ता आयोजित की गई, जिसमें आपसी सहमति से समझौता हो गया। समझौते के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि मारपीट किसी का नाम या पहचान पूछकर नहीं की गई थी, बल्कि यह पूरी घटना गलतफहमी का परिणाम थी।समझौता वार्ता में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री नसीम सलमानी, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष मोहम्मद मुस्तफा, एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अकरम हुसैन, ग्राम प्रधान नीरज चौहान, रोहालकी के प्रधान विकास चौहान, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि कृष्ण कुमार लल्ला, किसान सहकारी समिति बहादराबाद के चेयरमैन अनिल चौहान तथा समाजसेवी अजय बाली सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
नसीम सलमानी ने निभाई सेतु की भूमिका
समझौता वार्ता को सफल बनाने में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री नसीम सलमानी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने दोनों पक्षों से अलग-अलग बातचीत कर गलतफहमी दूर कराई और आपसी संवाद के माध्यम से विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने में सेतु का कार्य किया। उनकी पहल से ही दोनों पक्ष समझौते पर सहमत हुए और क्षेत्र में सौहार्द का संदेश गया।

