हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। जनपद हरिद्वार के एक सरकारी विद्यालय में विद्यार्थियों से लकड़ी ढुलवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो राजकीय प्राथमिक विद्यालय अजीतपुर का है, जिसमें छोटे-छोटे छात्र लकड़ी ढोते हुए नजर आ रहे हैं।
इस घटना से पहले भी नगर के एक अन्य विद्यालय में बच्चों से सफाई कार्य करवाने का मामला सामने आया था, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए थे। अब दोबारा इस तरह की घटना सामने आने से शिक्षा व्यवस्था की छवि प्रभावित हो रही है।
मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) अमित कुमार चंद ने कहा कि वायरल वीडियो का संज्ञान ले लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

