हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। बहादराबाद कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें पांच मोटरसाइकिलें बहादराबाद थाने में दर्ज वाहन चोरी के पांच मुकदमों से संबंधित हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की पांच घटनाओं का खुलासा हुआ है।
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लोहे के पुल के पास गंगनहर की ओर जंगल से आने वाले एक सुनसान कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और मोटरसाइकिल के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात नहीं दिखा पाया।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने मोटरसाइकिल आराध्या नर्सिंग होम, बहादराबाद के पास से चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की पहचान दीपक पुत्र सुंदर लाल निवासी ग्राम तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर, हरिद्वार के रूप में हुई है। उसकी उम्र 27 वर्ष बताई गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। चोरी की बाइकों को वह गंगनहर किनारे जंगल में सुनसान स्थान पर झाड़ियों के बीच छिपाकर रखता था, ताकि किसी को उन पर शक न हो।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम जंगल में पहुंची और झाड़ियों में छिपाकर रखी गई नौ अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस प्रकार पुलिस ने कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें पांच बाइक वाहन चोरी के दर्ज मुकदमों से संबंधित हैं, जबकि पांच अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिलों के वास्तविक स्वामित्व और चोरी से जुड़े मामलों का सत्यापन किया जा रहा है। बरामद वाहनों में बजाज पल्सर और हीरो स्प्लेंडर प्लस सहित अन्य बाइकें शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी थाना पिरान कलियर और थाना भगवानपुर में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विकास रावत, हेड कांस्टेबल राजवर्धन तथा कांस्टेबल बलवंत सिंह, पंकज बिष्ट और विक्रम सिंह शामिल रहे।



