फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में उत्तराखण्ड की पहचान हो रही मजबूत, स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर देने पर जोर
देहरादून(हरिशंकर सैनी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज शासकीय आवास पर प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखण्ड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लैंडोर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध भौगोलिक परिस्थितियां और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं। बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से प्रदेश की पहचान और मजबूत हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही, फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करना और स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना है। फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन सहित अन्य स्थानीय कारोबारों को भी लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने और फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।



