पथरी(दिलशाद अंसारी)। क्षेत्र के गांव धनपुरा में कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत के प्रस्ताव पर होने वाली हाइटेंशन लाइन की शिफ्टिंग 15 माह बीत जाने के बाद भी हवा-हवाई बनी हुई है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी सांसद का चुनाव लड़ते समय लाइन शिफ्टिंग का वादा किया था। वह चुनाव जीत भी गए, उसके बाद मुख्यमंत्री भी रहे, लेकिन लाइन शिफ्टिंग आज तक नहीं हो पाई। रविवार को इसी लाइन की चपेट में आकर एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई।
धनपुरा में घरों की छतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन एक बार फिर बड़े हादसे का कारण बन गई। रविवार 22 नवंबर 2026 को शाम करीब 4 बजे एक मासूम बच्ची इस लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। गनीमत रही कि समय रहते मदद मिलने से बच्ची की जान बच गई।
ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से इस खतरनाक बिजली लाइन के डर के साए में जी रहे हैं। करीब एक साल पहले विधायक निधि से इस लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए पैसा भी मंजूर हुआ था, लेकिन गांव के ही एक किसान की आपत्ति के कारण काम रुक गया।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर किसी किसान को आपत्ति है तो उसका समाधान बातचीत और जमीन की पैमाइश के जरिए निकाला जाना चाहिए। क्षेत्र के विधायक को भी इस मामले में आगे आकर अधिकारियों से बात करनी चाहिए, ताकि लोगों की जान पर बने खतरे को जल्द दूर किया जा सके।
वहीं सामाजिक कार्यकर्ता मौ. सलीम ने कहा कि जिन परिवारों के घरों के ऊपर से यह खतरनाक बिजली लाइन गुजर रही है, उन्हें भी एकजुट होकर आगे आना होगा। सभी प्रभावित परिवारों को मिलकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से लगातार इस समस्या को उठाना चाहिए, ताकि जल्द से जल्द लाइन को हटवाया जा सके।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी हरिद्वार को प्रार्थना पत्र देकर मांग की है कि किसी किसान की निजी जमीन के बजाय गांव के सरकारी रास्ते की राजस्व विभाग से पैमाइश कराई जाए और कानूनी प्रक्रिया पूरी करके बिजली की लाइन को वहां से शिफ्ट किया जाए।
इस दौरान मौ. सलीम, मौ. मुस्तफा अंसारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं उप प्रधान सलीम अहमद, तिलक राम, नाथी राम, नन्द राम, भोपाल सिंह, रामेश सिंह, विक्रम सिंह, रजत करवल और सुखबीर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द मौके का निरीक्षण किया जाए और इस खतरनाक बिजली लाइन को हटाने की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी की जान खतरे में न पड़े।


