हरिद्वार(नीति शर्मा)। आगामी कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर हरिद्वार जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को सीसीआर सभागार में अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने तथा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। उनकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था, विश्राम स्थलों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सतपाल महाराज ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने इसे उत्तराखंड की ‘अतिथि देवो भवः’ परंपरा का प्रतीक बताया।

बैठक में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, डायवर्जन योजना और भीड़ नियंत्रण संबंधी तैयारियों का पूर्व परीक्षण (ड्राई रन) कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कांवड़ मेले की तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए विभिन्न विभागों की प्रगति से अवगत कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर तथा पुलिस अधीक्षक (यातायात) निशा यादव ने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और संवेदनशील स्थलों की निगरानी संबंधी कार्ययोजना की जानकारी दी।
बैठक में गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार कांवड़ मेला-2026 को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि 2 जुलाई तक चारधाम यात्रा एवं हेमकुंड साहिब में कुल 42.72 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जिससे प्रदेश में धार्मिक पर्यटन और आस्था यात्रा का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। बैठक में जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।




