हरिद्वार(नीति शर्मा)। आगामी कुम्भ मेला-2027 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के दृष्टिगत आज मेला नियंत्रण भवन सभागार, हरिद्वार में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेसन एवं अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, सुगम यातायात, आतंकवाद निरोधक उपायों, अभिसूचना एवं साइबर सुरक्षा तंत्र सहित विभिन्न सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के प्रारम्भ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुम्भ मेला) श्री आयुष अग्रवाल तत्पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (हरिद्वार) श्री नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा प्रस्तुतिकरण के माध्यम से कुम्भ मेले की तैयारियों एवं निर्धारित कार्ययोजना की जानकारी दी गई। इसके पश्चात पुलिस महानिरीक्षक (कुम्भ मेला) डॉ योगेन्द्र सिंह रावत एवं मेलाधिकारी, कुम्भ मेला सोनिका सहित विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने-अपने दायित्वों, तैयारियों एवं कार्ययोजनाओं के संबंध में जानकारी एवं सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में कुम्भ के प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान संभावित भीड़ के प्रभावी प्रबंधन, श्रद्धालुओं के आवागमन, पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग प्लान, आपातकालीन निकासी एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रमुख स्नान घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, वॉच टावरों की स्थापना तथा बम निरोधक दस्ते (BDS) द्वारा एंटी सबोटाज चेकिंग की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
सुरक्षा चुनौतियों एवं संभावित आतंकी गतिविधियों के दृष्टिगत एटीएस, एसटीएफ एवं अभिसूचना इकाइयों की भूमिका, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के मध्य सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान की व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही संगठित अपराध एवं अन्य संभावित सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए तकनीकी एवं मानवीय अभिसूचना तंत्र को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
साइबर सुरक्षा एवं आधुनिक तकनीकी संसाधनों पर विशेष जोर
कुम्भ मेला-2027 के दौरान संभावित साइबर सुरक्षा चुनौतियों के दृष्टिगत साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल निगरानी तंत्र को मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा की गई। सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों, फर्जी सूचनाओं एवं संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की सतत निगरानी, साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी की रोकथाम तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।
इसके साथ ही इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन एवं एंटी ड्रोन प्रणाली, सर्विलांस, संचार व्यवस्था तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को समयबद्ध रूप से स्थापित कर क्रियाशील करने की तैयारियों की समीक्षा की गई। तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के साथ प्रशिक्षित कार्मिकों एवं विशेषज्ञ टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
यातायात, रेलवे एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं की समीक्षा
मेला क्षेत्र में यातायात संचालन, पार्किंग स्थलों के चयन, होल्डिंग एरिया, वैकल्पिक यातायात योजना तथा अत्यधिक भीड़ की स्थिति में यातायात प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की गई। अवरोध संभावित स्थलों (बॉटलनेक प्वाइंट्स) को चिह्नित कर उनके प्रभावी प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई।
रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन, जीआरपी की तैनाती, ट्रेनों के नियमन, सीसीटीवी निगरानी एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र में अग्निशमन सुरक्षा, फायर सेफ्टी परीक्षण, आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों की उपलब्धता तथा प्रभावी संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया।
पुलिस बल, आधारभूत संरचनाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा
कुम्भ मेले के लिए आवश्यक पुलिस बल एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों का आकलन करते हुए सीएपीएफ, होमगार्ड, घुड़सवार पुलिस, जल पुलिस, यातायात पुलिस एवं अग्निशमन कर्मियों की आवश्यकता एवं उपलब्धता पर चर्चा की गई। बाहरी राज्यों से आने वाले पुलिस बल के साथ समन्वय, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवास, भोजन, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं तथा उनके प्रशिक्षण की कार्ययोजना की समीक्षा की गई।
इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों, पुलिस लाइनों एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं की प्रगति, आवश्यक वाहनों एवं उपकरणों की उपलब्धता, सत्यापन अभियान, सीमावर्ती राज्यों के जनपदों के साथ समन्वय तथा बजट आवंटन, उपकरणों की खरीद एवं आपूर्ति से संबंधित प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।


