रुड़की(अनिल शीर्षवाल)। हरिद्वार पुलिस के नशा तस्करी विरोधी अभियान के तहत गंगनहर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने पंजाब निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली गंगनहर पुलिस लाठरदेवा अंडरपास क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। पुलिस टीम को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
तलाशी लेने पर कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई 980 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह (38) पुत्र दलवीर सिंह निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाब से हेरोइन खरीदकर रुड़की में बेचने के लिए लाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पुलिस हेरोइन की सप्लाई चेन और इस कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



