भगवानपुर(विश्वास चौधरी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ तथा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत विकासखंड मुख्यालय भगवानपुर में सेवा पखवाड़ा शिविर एवं तहसील दिवस का संयुक्त आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के 1435 लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर में क्षेत्रवासियों ने भूमि विवाद, अतिक्रमण, बिजली, पेयजल, शिक्षा, सिंचाई, जल निकासी और चकमार्ग से संबंधित कुल 40 शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का तय समय सीमा के भीतर संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री एवं सेवा पखवाड़ा प्रभारी सुनील सैनी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं, जिनका लाभ आम जनता को मिल रहा है।
राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल योजनाओं के प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू होने को उत्तराखंड की बड़ी उपलब्धि बताया।
शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, ऊर्जा, पेयजल, आयुष, शिक्षा, श्रम और उद्योग विभागों सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और स्वरोजगार योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रवक्ता सुशील त्यागी, लोकसभा संयोजक देवी सिंह राणा, उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, तहसीलदार दयाराम, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।




