हरिद्वार(रश्मि कश्यप)। पिछले 45 वर्षों से श्रद्धालुओं और साधु-संतों की सेवा कर रही खड़खड़ी स्थित राजा राम मोगे धर्मशाला अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगी। ट्रस्ट की बैठक में करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से धर्मशाला के आधुनिकीकरण और सौंदर्यीकरण की योजना को मंजूरी दी गई। बैठक में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर आवास, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाएं विकसित करने पर सहमति बनी।
ट्रस्ट के प्रधान गिरीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उपाध्यक्ष दिनेश गुप्ता, सचिव संदीप गुप्ता, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित सभी ट्रस्टी मौजूद रहे। बैठक में कमरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने, एसी और कूलर लगाने, नए गद्दे, चादरें और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के साथ ही परिसर में डिस्पेंसरी और जरूरतमंद महिलाओं के लिए प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया गया।
उपाध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने बताया कि धर्मशाला के सौंदर्यीकरण और विस्तार को लेकर सभी ट्रस्टियों ने सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सौंदर्यीकरण का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा, ताकि स्वर्ण जयंती वर्ष से पहले धर्मशाला आधुनिक स्वरूप में तैयार हो सके।
बैठक में ट्रस्ट की अंबाला और मोगा स्थित संपत्तियों से प्राप्त होने वाली राशि को विकास कार्यों में लगाने पर भी चर्चा हुई। साथ ही, धर्मशाला के 50 वर्ष पूरे होने पर भव्य स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

