चमोली (थराली)। पुलिस की वर्दी केवल कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता का भी प्रतीक है। इसी भावना का परिचय देते हुए थराली के थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने निराश्रित गोवंशों की मदद के लिए सराहनीय पहल की है।
थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने अपने वेतन से 11 हजार रुपये की धनराशि सूना गांव स्थित गौ सदन को प्रदान की। यह आर्थिक सहयोग गौ सदन में आश्रय ले रहे 42 निराश्रित गोवंशों के चारे एवं भरण-पोषण के लिए दिया गया है। उनके इस प्रयास से गौ सदन में रह रहे बेजुबान पशुओं की देखभाल में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष ने आमजन से भी गौ सदन के संचालन में यथासंभव सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंशों की देखभाल करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पशुपालकों को अपने पशुओं को बेसहारा नहीं छोड़ना चाहिए और उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित करनी चाहिए।
थानाध्यक्ष की इस पहल की सराहना की जा रही है। उनका यह कदम समाज को बेजुबान पशुओं के प्रति संवेदनशीलता, करुणा और सेवा भाव अपनाने का संदेश देता है।



